कमालपुर। धीना क्षेत्र के सिकठा गांव स्थित काली मंदिर परिसर में रामनवमी के अवसर पर रविवार को आयोजित लाल परीक्षा सिंह स्मृति कुश्ती प्रतियोगिता में पहलवानों ने एक से बढ़कर एक दांव आजमाए। प्रतियोगिता में 10 हजार रुपये इनाम वाली कुश्ती में अयोध्या के बजरंगी ने फिरोजाबाद के सतीश और काशी के अयोध्या ने जौनपुर के उमेश को चित कर इनाम पर कब्जा जमा लिया।
प्रतियोगिता में गोरखपुर, अयोध्या, मध्य प्रदेश,चंदौली सहित कई और जिलों के पहलवानों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ सैयदराजा के भाजपा विधायक सुशील सिंह, प्रमुख प्रतिनिधि बरहनी महेंद्र सिंह, इंदल सिंह बाबा और सुशील सिंह जनौली ने पहलवानों से हाथ मिलवाकर किया।इस दौरान कई कुश्ती बराबरी पर रही। मुख्य अतिथि सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने कहा कि कुश्ती प्राचीन भारतीय खेलों में शुमार है। उन्होंने कहा कि सरकार कुश्ती को बढ़ावा देने के लिए दृढ़ संकल्पित है। इस दौरान रतन सिंह, राजीव रंजन सिंह, डॉ संजय सिंह, महेंद्र सिंह, मृत्युंजय सिंह आदि मौजूद रहे।