चंदौली। क्षेत्र के भटपुरवा गांव में आवास योजना में चयनित 12 अपात्रों से सरकारी धन की रिकवरी होगी। सीडीओ ने अपात्रों से सरकारी धन की वसूली करने के लिए राजस्व विभाग को पत्र भेजा है। वहीं आवास आवंटन में लिप्त एडीओ पंचायत, सेक्रेटरी के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने पर सीडीओ ने डीपीआरओ उमाशंकर मिश्र की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया है।
सदर ब्लाक के भटपुरवां गांव में वर्ष 2017-18 में आवास आवंटन में अधिकारियों द्वारा व्यापक स्तर पर धांधली की गई थी। योजना के तहत 12 अपात्रों को भी पीएम आवास आवंटित कर दिया गया। ग्रामीणों की शिकायत के बाद अधिकारियों की टीम ने गांव में पहुंच इसकी जांच की थी। इसमें तत्कालीन बीडीओ विजय सिंह, एडीओ पंचायत नीरज सिन्हा, एसडीओ लघु डाल राजीव कुमार और सदर ब्लाक में तैनात सहायक लेखा संजय कुमार शामिल थे। जांच में मानकों की अनदेखी करते हुए अधिकारियों ने ग्राम प्रधान व लाभार्थियों को क्लीन चिट दे दी। इसके बाद ग्रामीणों ने सीएम के पोर्टल पर दोबारा शिकायत कर दी। इससे हरकत में आए शासन ने अधिकारियों की जांच आख्या तलब कर ली थी। इसमें व्यापक स्तर पर खामियां पाई गईं। शासन ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ चार्ज शीट भी मांगी थी। इसके आधार पर अनुशानात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जबकि डीपीआरओ उमाशंकर मिश्रा ने मामला संज्ञान में आने के बाद ग्राम प्रधान व सेक्रेटरी को नोटिस जारी कर फाइल ही बंद कर दी। दो माह पूर्व ग्राम पंचायत सचिव रामजी सेवानिवृत्त भी हो गए। इस पर सीडीओ डा. एके श्रीवास्तव ने गहरी नाराजगी जताई। साथ ही ग्राम प्रधान व सेक्रेटरी के भूमिका की जांच कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
सीडीओ ने बताया कि अपात्रों से हरहाल में सरकारी धन की वसूली की जाएगी। अपात्रों से वसूली के लिए राजस्व विभाग द्वारा आरसी जारी की जाएगी। इसके लिए अपर जिलाधिकारी बच्चालाल को पत्र भेज दिया गया है।