सकलडीहा। कोतवाली क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप सोमवार को तेज रफ्तार में आ रहे बाइक सवार को बचाने में सवारियों से भरा ऑटो पलट गया। इस दुर्घटना में ऑटो में सवार आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। वहीं दुर्घटना के बाद ऑटो का चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ऑटो को थाने ले गई।
सकलडीहा तिराहे से सवारी भरकर चंदौली जा रहे ऑटो के सामने से अचानक तेज रफ्तार बाइक सवार युवक अंसतुलित हो गया। बाइक सवार को बचाने में ऑटो असंतुलित होकर पलट गया। इससे उसमें सवार अमिलाई गांव निवासी 60 वर्षीय चमेला देवी, 55 वर्षीय सुखा देवी, बथावर निवासी 30 वर्षीय प्रेमशीला, रमरेपुर निवासी 60 वर्षीय लालजी, खगवल निवासी 54 वर्षीय रामहरत, सकलडीहा बस्ती की 35 वर्षीय धर्मशीला और उसका 7 वर्षीय पुत्र आशुतोष गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद घायलों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों की भीड़ वहां जुट गई। उन्होंने घायलों को ऑटो से बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दो लोगों को एंबुलेंस से सीएचसी पर भेजवाया। वही दो अन्य का निजी अस्पताल में उपचार कराया गया। शेष घायलों को भी परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।