घटना के बाद विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। छात्र-छात्राओं और शिक्षकों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही सैयदराजा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक धमेंद्र सिंह को भी घटना से अवगत कराया गया, जिसके बाद डीआईओएस स्वयं विद्यालय पहुंचे और पूरे प्रकरण की जानकारी ली।
परिचारक संतोष कुमार मिश्रा का आरोप है कि तीन माह से वेतन न मिलने के कारण उनके परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। बार-बार अधिकारियों से गुहार लगाने के बावजूद वेतन भुगतान नहीं होने से वे मानसिक रूप से परेशान थे, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाने का प्रयास किया।
सैयदराजा थाना प्रभारी अशोक मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। प्रथम दृष्टया जानकारी मिली है कि संबंधित कर्मचारियों का लगभग तीन माह का वेतन बकाया है। मामले की सूचना जिला विद्यालय निरीक्षक को दे दी गई है। डीआईओएस भी मौके पर पहुंचकर पूरे प्रकरण की जांच कर रहे हैं। पुलिस भी मामले की जांच कर रही है।