चंदौली जिले के सैयदराजा नगर के कई सभासदों पर प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) का लाभ गरीबों को दिलाने की बजाए खुद अपने बेटों को आवंटित करा देने का आरोप लगा है। कई सभासदों ने परिवार के लोगों के नाम पर तीन-तीन आवास बनवा लिए। मामला संज्ञान में आने के बाद विभाग ने सख्त रूख अख्तियार किया है।
नगर में आवंटित पीएम आवास लाभार्थियों का सत्यापन कराया जाएगा। इस दौरान जो भी अपात्र मिले, उनसे धनराशि की रिकवरी होगी। मुकदमा भी दर्ज होगा। नगर में इस साल दो हजार प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) आवंटित किए गए थे। आरोप है कि आवास आवंटन में व्यापक स्तर पर धांधली की गई। अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ ही वार्ड सभासदों पर भी गड़बड़ी करने का आरोप है।
मामला उजागर होने के बाद जिला प्रशासन और विभाग की किरकिरी हो रही है। ऐसे में विभाग ने सख्त रूख अख्तियार किया है। अधिकारियों-कर्मचारियों की टीम गठित कर नगर में आवंटित आवासों की जांच कराई जाएगी। इस दौरान जो अपात्र मिलेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इसकी जानकारी मिलने के बाद अपात्रों में खलबली मची है।
इस मामले में टीम गठित कर आवासों की जांच कराई जाएगी। इस दौरान जो भी अपात्र मिलेगा। उससे धनराशि की रिकवरी होगी। वहीं मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। इसमें संलिप्त रहे कर्मियों पर भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।-
-संजय मौर्या, परियोजना अधिकारी, डूडा