मोहनिया। कोरोना संक्रमण को देखते हुए राज्य में 16 जुलाई से 31 जुलाई तक एकबार फिर संपूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की गई है। राज्य सरकार के निर्देश को पूर्णतया अमल में लाने के लिए कैमूर प्रशासन ने कमर कस ली है। निर्देश का अनुपालन आमजन से करने की प्रशासन द्वारा बार-बार अपील की जा रही है। बृहस्पतिवार को पुलिस व जिला प्रशासन ने क्षेत्र के चांदनी चौक, मुंडेश्वरी गेट, स्टेशन रोड सहित अन्य जगहों पर जांच अभियान चलाकर 32 हजार रुपये जुर्माना वसूला।
प्रदेश सरकार ने 16 जुलाई से 31 जुलाई तक संपूर्ण लॉकडाउन लगा दिया है। इसका पालन कराने के लिए मोहनिया अंचलाधिकारी व थानाध्यक्ष के नेतृत्व में बनी टीम ने मोहनिया के चांदनी चौक चौराहे पर मुंडेश्वरी गेट के समीप बिना हेलमेट पहने, बिना मास्क लगाए व बाइक पर तीन लोगों से ज्यादा सवारी चल रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान ऐसे लोगों से 32 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। साथ ही उन्हें भविष्य में ऐसा न करने की सख्त हिदायत दी गई। वहीं बिना मास्क लगाए अनावश्यक पैदल सड़कों पर घूम लोगों को पकड़कर पुलिस ने कान पकड़ कर उठक-बैठक भी कराई। साथ ही बिना मास्क पहने व अनावश्यक घर से निकलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।