सकलडीहा। कोतवाली क्षेत्र के अमावल-बरठी मार्ग स्थित चतुर्भुजपुर गांव के समीप शनिवार की दोपहर ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक चालक व पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी ले गई। यहां डाक्टरों ने बाइक चालक को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मृत बाइक चालक का शव का पीएम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर का चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।
बिहार के बक्सर जिला का धनसुई गांव निवासी सुग्रीव चौहान (52) चकिया थाना क्षेत्र के वनभीषमपुर गांव निवासी संजय राय (30) के साथ बाइक से बरठी गांव से विशुनपुरा अपनी ससुराल जा रहा था। बाइक सुग्रीव चला रहा था जबकि संजय पीछे बैठा था। रास्ते में चतुर्भुजपुर गांव के पास उनकी बाइक की अमावल की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर से ब्क्कर हो गई। इससे दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार सुग्रीव चौहान की मौके पर मौत हो गई। वहीं संजय गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया कि बाइक चालक व उसपर सवार युवक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को सीएचसी लेकर आई। यहां सुग्रीव को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। संजय की हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल भेज दिया। इस संबंध में सीओ प्रदीप सिंह चंदेल ने बताया कि दुर्घटना में बाइक के चालक की मौत हो गई है। ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया है। ट्रैक्टर को कब्जे में कर चालक की तलाश में पुलिस टीम लगा दी गई है। इसके अलावा दुर्घटना में मृत व घायल के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।