सकलडीहा। स्थानीय कोतवाली अंतर्गत तुलसी आश्रम स्टेशन रोड पर पचखरी गांव के समीप शुक्रवार की रात पुलिया से टकराकर बाइक असंतुलित होकर नहर में पलट गई। सिर में चोट लगने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दो घंटे के बाद गोताखोर की मदद से पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकाला। युवक के मौत की सूचना मिलते ही परिवार वालों में कोहराम मच गया। कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
वाराणसी के जंसा थाना अंतर्गत बरेवा रामेश्वरपुर गांव निवासी सुभाष सिंह का एकलौता पुत्र विपिन कुमार सिंह (28) राजश्री पोल्ट्री फार्म में लाइन सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था। शुक्रवार को फार्म चेक कर बाइक से वह वापस लौट रहा था। वह पचखरी गांव के समीप पहुंचा था कि सामने से तेज रफ्तार में आ रहे वाहन से बचने की कोशिश में पुलिया से टकराकर अंसतुलित होकर नहर में गिर गया। रात में आते जाते युवकों ने बाइक गिरी देख पुलिस को सूचित किया। करीब दो घंटे बाद गोताखोर और ग्रामीणों की सहयोग से युवक का शव बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिये भेज दिया। सीओ सकलडीहा प्रदीप सिंह चंदेल ने बताया कि सिर में चोट लगने के कारण युवक की मौत हुई है। आवश्यक लिखा पढ़ी के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।