पूर्व मध्य रेलवे के पुसौली स्टेशन मास्टर की सतर्कता से मंगलवार की दोपहर में बड़ा हादसा टल गया। गया की ओर जा रही मालगाड़ी के एक वैगन के पहिये गर्म होकर जाम हो गये। इससे ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हो सकती थी। स्टेशन मास्टर की नजर इस पर पड़ी तो मालगाड़ी को रोक दिया। इसके बाद हॉट एक्सल यानी गर्म पहिये वाले वैगन को अलग किया। इसके बाद बाकी बोगियों को आगे के लिए रवाना किया। स्टेशन मास्टर की सूझ बुझ की सराहना हो रही है।
पुसौली रेलवे स्टेशन के पश्चिमी केबिन पर ड्यूटी के दौरान दोपहर एक बजे स्टेशन मास्टर जितेन्द्र कुमार की नजर डाउन बरवाडीह प्रीमियम मालगाड़ी एक वैगन (ब्रेकवैन की ओर से सोलहवां वैगन) के एक पहिये में हॉट एक्सल की स्थिति देखी गई। इस दौरान ट्रेन स्टेशन पर प्रवेश कर रही थी। यह देखते हुए स्टेशन मास्टर ने स्टेशन और पूर्वी केबिन को इसके बारे में सूचित किया। इसके बाद स्टेशन पर मालगाड़ी को रोक दिया गया। यहां हॉट एक्सल वाले वैगन को मालगाड़ी से अलग कर हटा दिया गया। इसके बाद बाकी मालगाड़ी को शाम लगभग पांच बजे आगे के लिए रवाना किया गया। स्टेशन मास्टर के सुझ बूझ की डीआरएम राजेश कुमार पांडेय सहित अन्य अधिकारी सराहना कर रहे हैं।