पीडीडीडीयू नगर। अलीनगर थाना क्षेत्र स्थित बैंक में रुपये जमा करने गए युवक से 80 रुपये ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने इसकी सूचना अलीनगर पुलिस को दी है। अलीनगर पुलिस ने घटनास्थल मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में होने की बात बताई। अब मुगलसराय कोतवाली पुलिस इस मामले की छानबीन कर रही है।
अलीनगर थाना क्षेत्र के बिछड़ी निवासी तेगा चौहान की पत्नी रजना देवी का अलीनगर स्थित बैंक में बचत खाता है। तेगा ने बताया कि मंगलवार को उनका बेटा पवन कुमार खाते में 80 हजार रुपये जमा करने बैंक गया था। खाते में एक साथ इतने रुपये जमा करने पर कैशियर ने उसे साथ में पैन कार्ड लगाने या दो बार में एकाउंट में रुपये जमा करने को कहा। जिस पर वह दो फार्म भरने लगा। उसी बीच बैंक में उसे कुछ लोग मिले। उन लोगों ने अपने खाते में दो लाख रुपये जमा करने में उसकी मदद मांगी। इसके बाद उसे बहला फुसलाकर बैंक के बाहर ले गए। कुछ दूर साथ ले जाने के बाद उसे रुमाल से ढका हुआ एक बंडल दिए और बताया कि इसमें दो लाख रुपये हैं। इसके बाद दोनों युवक वहां से भाग गए। थोड़ी देर बाद पवन ने जब रुमाल खोला तो उसमें सिर्फ कागज रखे थे। पीड़ित ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची अलीनगर पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद घटना स्थल मुगलसराय कोतवाली का बता दिया। मुगलसराय कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।