कमालपुर। धीना थाना के कमालपुर एवती मार्ग पर जनौली कम्हारी गांव के समीप मंगलवार की दोपहर में ढाई बजे ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। महिला अपने बेटे के साथ साइकिल से कमालपुर बाजार जा रही थी। घटना के बाद लोगों के सहयोग से पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया । घटना के विरोध में ग्रामीणों ने शव को रख कर मुआवजा की मांग को लेकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू और तहसीलदार सकलडीहा वंदना मिश्र के आश्वासन पर ग्रामीण माने।
धीना थाना के लखईपुर गांव निवासी झुनिया देवी (48) पत्नी सेवक बिंद मंगलवार की दोपहर में अपने बेटे रामदयाल उर्फ दहला के साथ साइकिल से सामान खरीदने कमालपुर बाजार जा रही थी। कमालपुर एवती मार्ग पर मरम्मत के लिए गिट्टी डाल कर छोड़ दिया गया है। दोपहर में ढाई बजे रामदयाल जनौली कम्हारी गांव के समीप पहुंचा था कि सामने से डीएपी लेकर आ रहे ट्रक ने धक्का मार दिया। ट्रक के धक्के से साइकिल पर बैठी महिला नीचे गिर गई और ट्रक के नीचे कुचल गई। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद लोगों की भीड़ जुट गई और ट्रक चालक को पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने शव को रख कर सड़क पर जाम लगा दिया। ग्रामीण मृतक के परिवार वालों को उचित मुुआवजा देने और सड़क की मरम्मत की मांग करने लगे। आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में देरी की जा रही है। ठेकेदार ने गिट्टी डाल कर छोड़ दिया है। गिट्टी पर सायकिल लड़खड़ा गई और यह घटना हुई। सूचना पाकर तहसीलदार सकलडीहा वंदना मिश्र और सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू मौके पर पहुंच गए। मनोज सिंह ने शव के अंतिम संस्कार के लिए 25हजार रुपये नकद देने की बात कहीं। वहीं वंदना मिश्र ने मृतक के परिवार वालों को पांच लाख रुपये मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण माने और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेश यादव, पूर्व प्रधान लोरिक यादव, पूर्व प्रधान प्रधान राजेश यादव, पूर्व प्रधान इंदल यादव रहे।
कमालपुर। कमालपुर एवती मार्ग पर सड़क दुर्घटना में मृत झुनियां देवी अपने बेटे की शादी नहीं देख सकी। 13 दिसंबर को उसके बेटे की शादी तय हुई और उसकी तैयारी के लिए सामान खरीदने वह बाजार जा रही थी। बेटे के सिर पर सेहरा बंधा देखने की हसरत लिए ही इस दुनियां से विदा हो गई।
झुनिया देवी के दो बेटे रामदयाल उर्फ दहल और रामनवल उर्फ नहला है। रामनवल बिहार के कल्याणपुर गांव के पास रहकर काम करता है। बड़े बेटे रामदयाल की शादी हुई लेकिन कुछ माह पूर्व टूट गई थी। उसकी दूसरी शादी मेढ़ान गांव में 13 दिसंबर को होनी तय थी। उसी के शादी का समान लेने बाजार आ रही थी। इसी बीच यह दुर्घटना हो गई। इससे घर में माहौल गमगीन हो गया है।