चंदासी बिजली उपकेंद्र पर पैनल को देखता कर्मचारी। संवाद
दुलहीपुर। भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है। चंदासी उपकेंद्र से जुड़े ओवरलोड चंधासी फीडर की समस्या दूर करने के लिए विद्युत निगम ने नया फीडर तैयार कर लिया है। करीब 36 लाख रुपये की लागत से बने इस फीडर के चालू होने से 35 हजार उपभोक्ताओं राहत मिलेगी।
चंदासी उपकेंद्र से लगभग 35 हजार उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति होती है। यहां पहले से आठ फीडर संचालित हैं, जिनमें चंधासी फीडर सबसे अधिक लोड वाला है। इस फीडर पर करीब 7,800 कनेक्शन जुड़े होने के कारण गर्मियों में बार-बार फॉल्ट और तार टूटने की समस्या बनी रहती थी, जिससे उपभोक्ताओं को लंबे समय तक बिजली कटौती झेलनी पड़ती थी।
समस्या के समाधान के लिए विभाग ने नया फीडर (संख्या-9) तैयार कर दिया है और पैनल भी स्थापित कर दिया गया है। इस नए फीडर पर चंधासी फीडर के करीब 2,000 कनेक्शनों को शिफ्ट किया जा रहा है, जिससे पुराने फीडर का भार कम होगा और फॉल्ट की घटनाओं में कमी आएगी।
बढ़ते लोड को देखते हुए फीडर विभाजन का कार्य किया गया है। नए फीडर के चालू होने से हरिशंकरपुर, सिद्धार्थपुरम कॉलोनी, सतपोखरी, मलोखर, हिलौनी, लेडुवापर और मुहम्मदपुर क्षेत्र के उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। एक सप्ताह के भीतर नया फीडर पूरी तरह से चालू कर दिया जाएगा। इसके बाद गर्मी के मौसम में उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।— मनोज कुमार कश्यप, उपखंड अधिकारी