चकिया के सिकंदरपुर से मुरारपुर मोड़ जाने वाला मार्ग। संवाद
- फोटो : बच्चे की मौत होने के बाद अस्पताल में मौजूद परिजन व ग्रामीण।
चकिया। गोधना चौराहा से चितौड़ी लेवा तक सड़क चौड़ीकरण के साथ अब लेवा से सिकंदरपुर और सिंकदरपुर से मुरारपुर मोड़ तक 17 किमी लंबी सड़क फोरलेन होगी। चकिया के भाजपा विधायक कैलाश आचार्य के प्रस्ताव पर पीडब्लूडी ने 400 करोड़ की लागत की चौड़ीकरण की कार्ययोजना तैयार करके धन अनुमोदन के लिए शासन को भेजा है। 17 किमी सड़क फोरलेन होने से चकिया से पीडीडीयू जंक्शन तक पहुंचना आसान होगा। पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से चकिया होते हुए चकिया नौगढ़ मार्ग पर मुरारपुर तिराहा तक फोरलेन सड़क निर्माण की योजना बनाई गई थी। पहले चरण में पीडीडीयू नगर के गोधना से लेवा चतौड़ी तिराहा तक सड़क चौड़ीकरण तेजी से चल रहा है। शासन ने इस चरण का कार्य हर हाल में 30 जून 2026 तक पूरा कराने का लक्ष्य तय किया है। इसके बाद चकिया विधानसभा को टच करने के लिए क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य के प्रयास से चितौड़ी लेवा तिराहा से सिकंदरपुर और आगे मुरारपुर मोड़ तक फोरलेन सड़क निर्माण के लिए कार्ययोजना बनाई गई। विभागीय सूत्रों के अनुसार विधायक कैलाश आचार्य के मुख्यमंत्री को सौंपे गए प्रस्ताव पर लोक निर्माण विभाग ने फोरलेन सड़क निर्माण के लिए आनन फानन में कार्ययोजना तैयार कर शासन को अनुमोदन के लिए भेज दिया है। प्रस्ताव में भूमि अधिग्रहण, भवनों के मुआवजे और निर्माण लागत का प्रारंभिक खाका भी एकत्र किया गया है। शासन की मंजूरी मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। पीडब्ल्यूडी विभाग ने कार्ययोजना में फोरलेन सड़क परियोजना को दो हिस्सों में पूरा कराने की योजना बनाई है।
दो चरणों में पूरी होगी परियोजना
पहले चरण में चितौड़ी से सिकंदरपुर तक करीब 8 किलोमीटर सड़क लगभग 180 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। वहीं दूसरे चरण में सिकंदरपुर से मुरारपुर मोड़ तक सड़क चौड़ीकरण में अनुमानित लागत करीब 221 करोड़ है। परियोजना में 400 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने की संभावना है। विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि बेहतर आवागमन के लिए सड़क नेटवर्क किसी भी क्षेत्र के विकास के लिए मिल का पत्थर होगा। पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिशासी अभियंता कृष्ण कुमार ने बताया कि विधायक कैलाश आचार्य के प्रस्ताव पर लेवा से मुरारपुर की सड़क फोरलेन के लिए शासन को अनुमोदन के लिए कार्ययोजना भेज दी गई है। धन स्वीकृत होने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। विधायक के फोरलेन सड़क निर्माण कराने में सक्रिय प्रयास पर चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष संदीप गुप्ता, पूर्व मंडल अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह, सभासद मीना विश्वकर्मा, ज्योति गुप्ता, सारांश केसरी, रवि गुप्ता, कैलाश जायसवाल, सुशील पांडेय आदि ने प्रसन्नता जताई है।