पीडीडीयू नगर। पीडीडीयू जंक्शन पर प्रयागराज महाकुंभ में स्नान के लिए जाने व वहां से आने वाले यात्रियों की भीड़ उमड़ रही है। भीड़ में लगातार यात्री बीमार हो रहे हैं।शनिवार की रात पीडीडीयू जंक्शन पर एक महिला यात्री की आरपीएफ महिला कर्मी ने सीपीआर देकर जान बचाई।
शनिवार की रात पीडीडीयू जंक्शन के प्लेटफाॅर्म संख्या तीन के पास वेटिंग हॉल के सामने एक महिला की अचानक तबीयत खराब हो गई। सूचना पर आरपीएफ निरीक्षक प्रदीप रावत टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि महिला की सांस नहीं चल रही है। इस पर महिला जवान ने सीपीआर देना शुरू किया। इसके बाद महिला यात्री होश में आई। मेडिकल टीम आने बाद महिला यात्री सोनी कुमारी निवासी टनकुप्पा थाना गया बिहार को उनकी सलाह पर बेहतर इलाज के लिए एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। आरपीएफ निरीक्षक ने बताया कि आरपीएफ की तत्परता से अभी तक 50 से ज्यादा लोगों की जान बचाई जा चुकी है।