कंदवा। कंजेहरा गांव में सोमवार की शाम ट्यूशन पढ़ने जा रहे नौ वर्षीय बालक पर पड़ोसी के पालतू कुत्ते ने हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। परिजन उसे तत्काल नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पई ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाया गया।
गांव निवासी रणजीत यादव का बेटा अभि कक्षा तीन का छात्र है। वह सोमवार की शाम ट्यूशन पढ़ने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक पालतू कुत्ते ने उस पर अचानक हमला कर दिया और काटकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। बालक के चीखने-चिल्लाने पर आसपास के लोग दौड़े और किसी तरह कुत्ते को भगाया। घटना के बाद परिजन घायल बालक को नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पई ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार कर एंटी रैबीज का टीका लगाया। इस संबंध में नवीन पीएचसी पई की डॉक्टर नेगार सुल्ताना ने बताया कि बच्चे को प्राथमिक उपचार कर एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाकर घर भेज दिया गया है। बालक खतरे से बाहर है।