संतनगर थाना क्षेत्र के एक गांव की नौ वर्षीय बच्ची प्रयागराज रेलवे स्टेशन से लापता हो गई। बच्ची की मां की तहरीर पर जीआरपी प्रयागराज ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस स्टेशन और रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मिर्जापुर के बथुआ के पास लगे कैमरे की फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया है, लेकिन अभी उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
घटना आठ सितंबर की बताई जा रही है। मड़िहान क्षेत्र की रहने वाली महिला अपनी नौ वर्षीय बेटी और बेटे के साथ दिल्ली जाने के लिए घर से निकली थीं। आगे की यात्रा के लिए वह मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पहुंचीं।
यहां उनकी मुलाकात एक अजनबी व्यक्ति से हुई। उसने भी दिल्ली जाने की बात बताई। बातचीत के बाद वह भी उनके साथ टिकट लेकर ट्रेन में सवार हो गया। पीड़ित मां के मुताबिक शाम करीब छह बजे सभी ट्रेन से प्रयागराज के लिए रवाना हुए।
प्रयागराज रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद करीब साढ़े सात बजे उस व्यक्ति ने बच्ची को कुरकुरे दिलाने की बात कही और उसे अपने साथ लेकर चला गया। मां को लगा कि वह कुछ खाने का सामान दिलाकर जल्द लौट आएगा।
काफी देर इंतजार के बाद भी जब वह वापस नहीं आया तो परिजनों ने स्टेशन पर बच्ची की तलाश शुरू की।
प्लेटफॉर्म और आसपास के स्थानों पर खोजबीन के बावजूद बच्ची का पता नहीं चला।
इसके बाद परिजनों ने जीआरपी को घटना की जानकारी दी। मां की तहरीर पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। रेलवे स्टेशन और रास्ते में लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
जीआरपी प्रभारी मिर्जापुर राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि मामला प्रयागराज का है। स्थानीय स्टेशन और मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बथुआ के पास फुटेज में एक व्यक्ति दिखाई दिया है।