मुगलसराय। आस्था से ओेत प्रोत व्रती महिलाओं ने श्रद्धापूर्वक कार्तिक सप्तमी मंगलवार को उदीयमान भगवान भास्कर को अर्ध्य देकर छठ के कठिन व्रत का पारण किया। इस दौरान नगर के मानसरोवर, अलीनगर मुगलचक, राममंदिर, दामोदरदास पोखरा चंदासी, आरपीएफ कालोनी, सिकटियां, चतुर्भुजपुर और कैली कुरहना गंगा घाट पर काफी संख्या में व्रती महिलाएं व श्रद्धालु मौजूद रहे।
लोक आस्था के महापर्व के पारन के दिन मंगलवार को उदीयमान भगवान भास्कर को अर्ध्य देने के लिए नगर में स्थित जलाशयों में श्रद्घा का सैलाब उमड़ पड़ा। सूर्य की लालिमा छटने के पूर्व ही घरों में व्रती महिलाएं डाल और दौउरी लेकर घाटों पर पहुंच गई। जबकि कई सरोवरों पर दूर दराज से आई महिलाएं पूरी रात भगवान भास्कर के उदय होेने के इंतजार में व्यतीत कर दी। जैसे ही पूर्व की दिशा से भगवान भास्कर उदय हुए माताएं भगवान भास्कर को अर्ध्य देकर उनको नमन करते हुए मंगलकामना की। इसके बाद शुरू हुआ श्रद्घालुओं द्वारा गन्ना और प्रसाद की दउरी को कंधे पर रखकर घर लेकर जाने का सिलसिला। वहीं छठ पूजा के समापन अवसर पर मानसरोवर तालाब पर बने मचान से एडीशनल एसपी रामचंद्र यादव और डीआरएम अनूप कुमार सहित अन्य प्रमुख श्रद्घालुओं ने उगते सूर्य को अर्ध्य देकर अपनी अरज गरज लगाई।