मुगलसराय। नई दिल्ली से कोलकाता जा रही 03126 डाउन सुपरफास्ट समर स्पेशल ट्रेन के बुधवार को स्टेशन पर पहुंचते ही लगभग दो दर्जन रेल यात्रियाें ने एसी और पानी को लेकर प्लेटफार्म पर एक घंटे तक जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंचे सेक्शन इंजीनियर ने किसी तरह आक्रोशित रेल यात्रियाें को समझा बुझाकर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया।
रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर बुधवार को अपराह्न लगभग सवा तीन बजे पहुंची 03126 डाउन कोलकाता नई दिल्ली समर स्पेशल एक्सप्रेस के कोच संख्या 09052 ए वन की नई दिल्ली से ही एसी खराब होने के कारण रेल यात्रियाें ने प्लेटफार्म पर ही जमकर बवाल काटा। ए वन में 13-14 नंबर बर्थ पर धनबाद तक का सफर कर रहे रविरंजन चौबे और सीवेश तिवारी ने बताया कि नई दिल्ली से ट्रेन चलने के बाद से ही कोच में पानी नदारद हैं और तो और एसी भी नहीं चल रहा है। इससे इस भीषण गर्मी में यात्रा करना काफी मुश्किल हो गया है। ए वन में 28 नंबर बर्थ पर दिल्ली से धनबाद तक की यात्रा कर रहे तरूण बनर्जी ने बताया कि ट्रेन जबतक चल रही है तबतक एसी चल रहा है रुकते ही एसी बंद हो जा रहा है। इससे समर स्पेशल ट्रेन एक दम से थर्ड क्लास हो गई है। नई दिल्ली से फैमिली के साथ आसनसोल की यात्रा कर रहे केडी पाठक ने बताया कि एसी का किराया देकर हम लोग जनरल से भी बदतर यात्रा करने को विवश हो गए हैं। एसी नहीं चलने से छोटे छोटे बच्चे इस गर्मी में काफी परेशान हो चुके हैं। नई दिल्ली से कोलकाता तक की यात्रा कर रहे अरनव विश्वास का कहना था कि तत्काल टिकट करा कर राजधानी एक्सप्रेस का किराया देकर इस ट्रेन में सफर कर रहे हैं लेकिन इस ट्रेन में तो दुश्वारियों का अंबार लगा हुआ है। एसी बंद हो जाने से बोगी के अंदर बेचैनी बढ़ जा रही है। इस दौरान आक्रोशित रेल यात्रियाें ने ट्रेन को चेनपुलिंग कर-कर के लगभग एक घंटे तक स्थानीय स्टेशन पर रोके रखा। इस दौरान हंगामा करने वाले यात्रियाें ने एसी का टिकट वापस कर स्लीपर में यात्रा की मांग कर रहे थे। इस संबंध में सेक्शन इंजीनियर धीरेंद्र कुमार ने बताया कि ट्रेन का एसी नई दिल्ली से ही खराब है। चार्जिगिं पूरी न हो पाने के कारण एसी ट्रेन रुकते ही बंद हो जा रहा है।