नियामताबाद। अलीनगर थाना क्षेत्र के जफरपुर चौकी अंतर्गत कुंडलिया गांव में शनिवार को हुई मारपीट के बाद तैनात पुलिस बल के सोमवार की रात हट जाने के बाद मंगलवार को एक बार फिर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। एक पक्ष द्वारा विवादित गली में बिछाए गए खड़ंजे को उखाड़कर फेंके जाने के बाद गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने खड़ंजे को पुन: लगवाकर मामले को शांत कराया गया। ग्रामीणों ने पुलिस बल की तैनाती एक पखवारे तक बढ़ाए जाने की मांग की है।
उल्लेखलीय है कि कुंडलिया गांव में शनिवर को गली के विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट के बाद पुलिस की तैनाती कर दी गई थी। माहौल शांत होने के बाद सोमवार की रात पुलिस वापस लौट गई। लेकिन जैसे ही पुलिस हटी गांव में तनाव एक बार फिर गहराने लगा। मंगलवार की सुबह एक पक्ष ने गली में लगाए गए खड़ंजों को अपनी ईंट बताते हुए aउखाड़ने लगा। इस घटना से गांव में एक बार फिर तनाव का माहौल कायम हो गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उखाड़े गए खड़ंजे को तत्काल बिछवाकर मामले को शांत कराया। वहीं, दूसरे पक्ष के लोगों का कहना है कि ग्राम प्रधान द्वारा अपने पैसे से खड़ंजा बिछवाया गया है। इसके बावजूद भी दूसरा पक्ष ईंट को अपना बता रहा है। ग्रामीणों ने स्थिति नियंत्रित होने तक गांव में पुलिस की तैनाती सुनिश्चित करने की मांग की है।