राजकीय रेलवे पुलिस ने सोमवार को स्टेशन से एक युवक को दुर्लभ प्रजाति के 85 कछुओं के साथ गिरफ्तार किया। वह कछुए तीन बोरों में भरकर अकबरपुर से हावड़ा ले जा रहा था। वजन करने पर कछुओं का वजन दो कुंतल 40 किलोग्राम रहा। तस्कर ने बताया कि वह कछुओं को अकबरपुर से हावड़ा ले जा कर महंगे दामों पर बेचता रहा है।
सीओ रेलवे वाराणसी क्षेत्र शेषनाथ यादव ने जीआरपी कोतवाली में बताया कि सोमवार को दिन में 11 बजकर 25 मिनट पर जीआरपी कोतवाली प्रभारी त्रिपुरारी पांडेय की टीम के एसआई राजेश कुमार, कांस्टेबल नीरज कुमार, मदन यादव, शिवाकांत यादव, आशीष विश्वकर्मा आदि प्लेटफार्म संख्या एक पर संदिग्धों की तलाश कर रहे थे। इसी बीच एक व्यक्ति संदिग्ध हाल में दिखा। उसके पास के बोरों की तलाशी ली गई तो तीन बोरों में 85 कछुए बरामद हुए। कोतवाली में लाकर पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम छोटू निवासी उनियार थाना गोसाईगंज जिला फैजाबाद बताया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि जमनीपुर अकबरपुर के ताल से कछुओं को पकड़ते हैं और इसे कोलकाता ले जाते हैं। बरामद कछुआ सुधा प्रजाति के हैं।