नियामताबाद। अलीनगर थाना क्षेत्र के जिवधीपुर गांव स्थित कबाड़ के गोदाम में सोमवार की भोर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। तीन घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की सहायता से आग पर काबू पाया गया। आग लगने की घटना से करीब दस लाख रुपये मूल्य का सामान जल कर नष्ट हो गया।
नटनियांदाई वाराणसी निवासी विनोद दूबे कबाड़ के बड़े व्यवसायी हैं। विनोद की कबाड़ का गोदाम जिवनाथपुर ग्राम सभा के जिवधीपुर के समीप है। यहां देख भाल के लिए एक गार्ड है। तीन बजे भोर में गार्ड ने गोदाम के अंदर से धुआं निकलता देखकर शोर मचाना शुरू कर दिया। उसकी आवास सुनकर जब तक लोग एकत्र होते तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया। प्लास्टिक के कबाड़ में आग लगने से तेजी से फैल गई। पछुआ हवा चलने से गोदाम से आग का गुबार निकलने लगा। लोगों की सूचना फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची लेकिन एक गाड़ी से आग नहीं बुझ पाई और पानी खत्म हो गया। बाद में जल निगम की टंकी से पानी लेकर तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई गई। इसी तरह अलीनगर थाना क्षेत्र के सरने गांव में सोमवार को दोपहर में दो बजे चुल्हई बिंद के सिवान में रखे पुआल के ढेर में आग लग गई। जब तक लोग आग बुझाते तीन बीघे का पुआल जल गया। सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची लेकिन तब तक ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया।