धानापुर। स्थानीय थाने की पुलिस ने सोशल मीडिया पर गैंगस्टर बनकर नाबालिग को डराकर लाखों रुपये वसूलने के आरोप में एक युवक को शनिवार को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान कस्बा धानापुर निवासी आयुष कुमार मौर्य के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश मिश्र ने बताया कि पीड़ित की मां ने थाने में तहरीर देकर बताया कि आरोपी उनके नाबालिग बेटे को फेसबुक और इंस्टाग्राम के माध्यम से धमकाता था। उसने मिस्टर राइफल गुरु नाम से इंस्टाग्राम आईडी बनाकर प्रोफाइल पर रंगदारी और प्रशासन को चुनौती देने वाले संदेश लिख रखे थे। आरोप है कि आयुष ने नाबालिग और उसके परिवार को जान से मारने और जेल भिजवाने की धमकी देकर करीब 6 लाख नकद और 27,500 ऑनलाइन वसूल लिए। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि वसूली के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी ने स्वीकार किया कि चार पहिया वाहन खरीदने और शौक पूरे करने के लिए उसने नाबालिग से रुपये वसूले थे।