नियामताबाद। केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री डॉ. महेन्द्रनाथ पांडेय ने स्थानीय विकास खंड कार्यालय परिसर में रविवार को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की शुरूआत की। इस दौरान उन्होंने पौधरोपण भी किया। इस मौके पर हुई गोष्ठी में इस योजना को उत्कृष्ट फसल बीमा योजना बताया है। उन्होंने इस योजना के व्यापक प्रचार प्रसार पर बल दिया।
एचआरडी मंत्री ने डीएम हेमंत कुमार को निर्देश दिया कि जिले के समस्त विज्ञान वर्ग के माध्यमिक विद्यालयों व महाविद्यालयों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना से जोड़ा जाए। साथ ही विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि रबी की फसल से पूर्व तहसील व ब्लॉक स्तर पर कृषि गोष्ठी का आयोजन कर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की जानकारी किसानों को दी जाए। गोष्ठी में जिलाधिकारी हेमंत कुमार ने कहा कि जनपद में खरीफ की अरहर, बाजरा ज्वार व धान की फसल का बीमा 31 जुलाई तक कराया जा रहा है। इसके लिए रिलायंस जनरल इंश्योरेंस कंपनी को नामित किया गया है। प्राकृतिक आपदा से नुकसान हुई फसलो की बीमा राशि किसान को मिलेगी। यदि किसान किन्ही कारणों से खेत मे बुवाई नहीं कर पाता है तो इसके लिए भी बीमा कंपनी 25 प्रतिशत बीमा राशि देगी। इस मौके पर सीडीओ श्रीकृष्ण त्रिपाठी, एसडीएम सत्येंद्र सिंह, बीडीओ राजन राय, एडीओ छोटेलाल, सर्वेश कुशवाहा, डीएन यादव, राणा सिंह, प्रमोद तिवारी, जैनेंद्र धर दुबे, बब्लू यादव, सन्दीप सिंह, राकेश सिंह, सूरश्याम सिंह, धनंजय सिंह, लाल अमरेंद्र सिंह, रणजीत सिंह, राजेश यादव, सतीश बिंद आदि मौजूद रहे।