चंदौली। जिले में बुधवार को दूसरे दिन भी प्रवक्ता संवर्ग की लिखित परीक्षा सकुशल सम्पन्न हुई। इस दौरान पंजीकृत 1982 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 1587 ने परीक्षा दी। वहीं 395 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। परीक्षा केंद्रों पर पर्यवेक्षक व स्टैटिक मजिस्ट्रेट नजर बनाए रखे। वहीं सभी केंद्रों पर कोविड-19 प्रोटोकाल का पालन भी कराया गया।
जिले में दूसरे दिन प्रवक्ता संवर्ग की लिखित परीक्षा के लिए कुल तीन केंद्र स्थापित किए गए थे। इन केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा करायी गई। पहली पाली में मुख्यालय स्थित महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज में पंजीकृत 600 परीक्षार्थियों में 506 परीक्षा में सम्मिलित हुए। वहीं 94 परीक्षार्थियों ने परीक्षा से दूरी बनाए रखी। चकिया आदित्यनारायण राजकीय इंटर कालेज में 480 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें 339 उपस्थित रहे और141 अनुपस्थित मिले। सैयदराजा नेशनल इंटर कालेज में पंजीकृत 189 परीक्षार्थियों में 144 उपस्थित रहे और 45 परीक्षा से वंचित रहे। शाम की दूसरी पाली में महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज में 233 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें 196 ने परीक्षा दी। वहीं 37 अनुपस्थित पाए गए। आदित्यनारायण राजकीय इंटर कालेज में 480 पंजीकृत परीक्षार्थियों में 402 ने परीक्षा दी। वहीं 78 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। परीक्षा की सुचिता बनाए रखने को लेकर सभी केंद्रों पर पर्यवेक्षक व स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहे। महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज के केंद्र व्यवस्थापक डा. रामचंद्र शुक्ला ने बताया कि पीजीटी की परीक्षा सकुशल संपन्न कराई गई। इस दौरान कोविड-19 प्रोटोकाल का पालन कराया गया। परीक्षार्थियों को मास्क अनिवार्य करने के साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया गया। वहीं परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पूर्व परीक्षार्थियों की बकाएदे जांच की गई। इसके बाद ही अंदर प्रवेश की अनुमति दी गई। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे से निगरानी रखी गई। वहीं पर्यवेक्षक के रूप में जिला बचत अधिकारी रवींद्र प्रताप यादव और मजिस्ट्रेट तहसीलदार शैलेंद्र कुमार यादव रहे।
सैयदराजा। स्थानीय नेशनल इंटर कॉलेज में प्रवक्ता संवर्ग( पीजीटी) की लिखित परीक्षा बुधवार की सुबह 9:30 बजे से कोविड प्रोटोकाल के तहत शांतिपूर्ण तरीके से हुई। विद्यालय के मुख्य गेट पर सभी परीक्षार्थियों की थर्मल स्कैनिंग, हैंड सैनेटाइजेशन हुआ। सभी परीक्षार्थियों को मास्क लगाकर अंदर प्रवेश करवाया। परिक्षा सीसीटीवी की निगरानी में हुई। प्रधानाचार्य अनिल कुमार सिंह ने बताया कि केंद्र पर प्रवक्ता संवर्ग की इस परीक्षा में नागरिक शास्त्र, संस्कृत व संगीत वादन की परीक्षा हुई।