चंदौली। जनपद के 26 केंद्रों पर मंगलवार को पीईटी (प्रारंभिक अर्हता परीक्षा) का आयोजन दो पालियों में किया गया। इसमें कुल 24954 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें 22040 ने परीक्षा दी। वहीं 2914 अनुपस्थित रहे। परीक्षा की सुचिता बनाए रखने के लिए केंद्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहे। सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की गई। साथ ही कोरोना को लेकर भी सतर्कता बरती गई।
जिला मुख्यालय स्थित महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज, चकिया आदित्यनारायण राजकीय इंटर कालेज, सैयदराजा स्थित नेशनल इंटर कालेज, सकलडीहा इंटर कालेज, पीडीडीयू नगर स्थित नगर पालिका इंटर कालेज, अशोक इंटर कालेज बबुरी समेत जिले में कुल 26 केंद्र बनाए गए थे। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक हुई। इसमें सभी केंद्रों पर कुल 12477 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे। इसमें 11017 ने परीक्षा दी। वहीं 1460 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक हुई। इसमें 12,477 पंजीकृत परीक्षार्थियों में 11,023 ने परीक्षा दी। वहीं 1454 अनुपस्थित रहे। परीक्षार्थियों को केंद्रों में प्रवेश से पूर्व बाकायदा तलाशी ली गई। मेटल डिटेक्टर से जांच की गई। हालांकि, इस दौरान कोई नकल सामग्री नहीं मिली। सीसीटीवी कैमरे से भी निगरानी की गई। परीक्षा के दौरान कोविड को लेकर भी सतर्कता बरती गई। परीक्षार्थियों को दो गज की दूरी पर बैठाया गया। वहीं सैनिटाइजेशन व अन्य इंतजाम कराए गए। ताकि संक्रमण का खतरा न रहे।