अलीनगर थानाक्षेत्र के कटेहरा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर शुक्रवार को दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान एक पक्ष से सुरेंद्र राम (32) व दूसरे पक्ष से प्रदीप (32), गोलू पांडेय(25), व लल्ला पांडेय (24) घायल हो गए। पुलिस ने एक पक्ष से तीन व दूसरे पक्ष से छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कुचमन गांव में गाने पर डांस को लेकर दो पक्ष भिड़ गए।
इसमें बीच बचाव कर रहे ग्राम प्रधान पति शशि कपूर (30) को गांव के दबंगों ने घायल कर दिया। इसके अलावा रेवसा झंडा पर गांव के समीप नेशनल हाईवे पर नशे में धुत मधुपुर निवासी वीरेंद्र पासवान (22) डिवाइडर से टकराने से घायल हो गया। आलमपुर में आबादी की जमीन के विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गए। इसमें दोनों पक्षों से चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
दुधिया को पीटा, दी तहरीर
बलुआ थानाक्षेत्र के कैलावर पुलिस चौकी अंतर्गत महडौरा गांव में बृहस्पतिवार की देर शाम दूध लेने गए दुधिया मुलायम यादव (37) को लोगों ने पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। अलीनगर थानाक्षेत्र के डेरवा कला गांव निवासी मुलायम यादव ने बताया कि वह बृहस्पतिवार की शाम दूध लेने के लिए बलुआ थाना क्षेत्र के महड़ौरा गांव में गया था। इसी दौरान गांव के छह लोगों ने नशे में उस पर हमला बोल दिया। इससे मुलायम गंभीर रूप घायल हो गया। पीड़ित ने पांच लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
चंदौली में कंदवा क्षेत्र के अमड़ा गांव में शुक्रवार को डीजे पर डांस के दौरान दो पक्ष आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में ईंट-पत्थर चलने लगे। इस दौरान दोनों पक्षों सहित बीच बचाव करने पहुंचे 12 लोग घायल हो गए। शुक्रवार को दिन के करीब तीन बजे दलित बस्ती में डीजे बज रहा था। गांव के कुछ युवक डीजे की धुन पर थिरक रहे थे और एक दूसरे पर अबीर, गुलाल उड़ा रहे थे।
इसी दौरान रिंकू खरवार, मोहन खरवार से गांव के ही अन्य युवकों से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते स्थिति मारपीट तक पहुंच गई। दोनों पक्षों से ईंट पत्थर चलने लगे। कुछ ग्रामीणों ने बीच बचाव का प्रयास किया लेकिन उन्हें भी चोट आई। इस दौरान रिंकू (25), मोहन (25), शंकर (55), उपेंद्र जायसवाल, उमा जायसवाल, उषा (45) सहित अन्य लोग घायल हो गए।
गांव में तनाव को देखते हुए पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई। घायल रिंकू का ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है तो कुछ घायल निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक कंदवा हरिश्चंद्र सरोज ने बताया कि गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अभी किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।