चहनिया (चंदौली)। चहनिया विकासखंड के पलिया गांव में शुक्रवार को मुगलसराय विधायक साधना सिंह ने प्राथमिक विद्यालय के पास नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र का लोकार्पण किया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, बच्चों का अन्नप्रासन, शौचालय का लोकार्पण और पौधरोपण किया गया। विधायक ने कहा कि यह गांव उनकी जन्मभूमि है। यहां वे विकास की कोई कड़ी छूटने नहीं देंगी। सरकार इसके लिए प्रयास भी कर रही है।
कहा, गांव में आंगनबाड़ी केंद्र बनने से महिलाओं व बच्चों को समय पर पौष्टिक आहार, आयरन की गोली व अन्य सुविधाएं मिलती रहेंगी। इसके बाद आंगनबाड़ी केंद्र में पांच गर्भवती महिलाओं किरन, सीमा, अनीता, सोनी व रीमा देवी की गोद भराई की रस्म पूरी की गई। वहीं दो बच्चों प्रियांशु व आस्था का अन्नप्रासन व एक बच्चे श्रेया का जन्मदिन भी विधायक ने ग्रामीणों के साथ मनाया। इसके बाद उन्होंने विद्यालय परिसर में बने शौचालय का लोकार्पण किया और 21 पौधे लगाए। प्रधानाचार्य रवि सिंह ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
इस दौरान बीएसए भोलेंद्र प्रताप सिंह, बीडीओ विजय जायसवाल, सीडीपीओ मीना गुप्ता, वन रेंज अधिकारी खलीक अहमद, बीईओ धर्मेंद्र मौर्य, अजय सिंह, प्रिंस सिंह, अतुल सिंह, बब्बू सिंह, हवलदार यादव, नित्यानंद सिंह, सचिन सिंह, राणा सिंह मौजूद थे। अध्यक्षता ग्राम प्रधान सीता सिंह व संचालन देवेंद्र प्रताप सिंह ने किया।