पीडीडीयू नगर। ऑल इंडिया बैंक इंपलाईज एसोसिएशन द्वारा विभिन्न मांगों के समर्थन की गई दो दिवसीय हड़ताल के प्रथम दिन सोमवार को जिले में एसबीआई और निजी बैंकों को छोड़कर अधिकतर बैंकों की शाखाएं बंद रहीं। इस दौरान लगभग दो सौ करोड़ रुपये का व्यवसाय प्रभावित हुआ है। हड़ताल के कारण लोगों को काफी परेशानी हुई।
ऑल इंडिया बैंक इंपलाईज एसोसिएशन की ओर से बैंकों का निजीकरण बंद व आउटसोर्सिंग बंद किये जाने समेत अनुबंध कर्मचारियों और बीसी को नियमित किये जाने व नई पेंशन योजना को निरस्त किये जाने जैसी मांगों के समर्थन 28 व 29 मार्च को देश भर में बैंकों की हड़ताल की घोषणा की थी। संगठन के आह्वान पर जिले में विभिन्न बैंकों की अधिकतर शाखाएं बंद रहीं। जिले में 172 बैंक शाखाएं हैं। इसमें 112 राष्ट्रीयकृत बैंकों की और 60 निजी बैंकों की शाखाएं हैं। बैंकों की हड़ताल की वजह से ग्रामीण क्षेत्रों में तो कम लेकिन शहरी इलाकों में व्यवसाय अधिक प्रभावित हुआ। बैंक ऑफ बड़ौदा स्टाफ एसोसिएशन के जिला महामंत्री विरेंद्र ने कहा कि बैंक कर्मी रिस्क कवर करते हैं लेकिन सरकार के उदासीन रवैये की वजह से उनका और उनके परिवार का भविष्य अच्छा नहीं दिख रहा है। पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू नहीं की जा रही है। इसी वजह से बैंककर्मियों ने हड़ताल की है। कहा कि बैंकों में आउटसोर्सिग बंद होनी चाहिए। इसके अलावा अनुबंध कर्मचारी व बीसी को नियमित किया जाना चाहिए।
लोन की किस्त जमा करने वालों को हुई परेशानी
पीडीडीयू नगर। ऑल इंडिया बैंक इंपलाईज एसोसिएशन के आह्वान पर जिले में अधिकतर बैंकों की शाखाएं बंद रहीं। इस दौरान सबसे अधिक परेशानी लोन की किस्त जमा करने वाले उपभोक्ताओं को हुई। नगर निवासी राजकुमार , अजय और सत्येंद्र ने बताया कि उनक लोग किस्त जमा करने की सोमवार को अंतिम तिथि थी। बैंकों की हड़ताल के कारण किस्त जमा नहीं कर पाये है।
पोस्ट आफिसों के गेट पर भी लटके रहे ताले
पीडीडीयू नगर। नेशनल फेडरेशन ऑफ पोस्टल इंपलाईज और ऑल इंडिया डाक कर्मचारी संघ के आह्वान पर पोस्ट आफिस में भी कामकाज ठप रहा। पोस्ट आफिस के दरवाजे पर ताला लटकता देख उपभोक्ता वापस लौट गये। जिले में कुल 18 पोस्ट आफिस हैं। हड़ताल के पहले दिन जिलेभर के पोस्ट आफिसों में भी लगभग डेढ़ करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ है।