पीडीडीयू नगर। बढ़ती ठंड को देखते हुए युवा उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने रविवार को अलीनगर स्थित मुसहर बस्ती में गर्म कपड़ों का वितरण किया। उन्होंने बस्ती के पुरुषों, बच्चों व महिलाओं के बीच स्वेटर, शॉल व जैकेट बांटे।
संस्था के प्रदेश मंत्री चंद्रेश्वर जायसवाल ने कहा कि समाज में किया गया अच्छा कार्य दूसरों को भी अच्छा करने के लिए प्रेरित करता है। इस कार्य से अन्य लोग भी गरीबों और असहायों की मदद के लिए आगे आएंगे। कहा, संस्था की ओर से सदैव जरूरतमंदों की मदद की जाती है और आगे भी हम इस तरह के कार्य करते रहेंगे। मीडिया प्रभारी व आरटीआई कार्यकर्ता प्रभाकर सिंह ने कहा कि ठंड में लगातार वृद्धि हो रही है। गरीब तबके के लोगों को ठंड से बचाने के लिए संस्था की ओर से गर्म कपड़ों का वितरण किया गया है। संस्था जनवरी माह तक जरूरतमंदों में गर्म कपड़ों का वितरण करेगी। इस मौके पर इंद्रपाल सिंह, शादाब आलम, ख़ालिद वकार आबिद, एसके यादव, शानू चौहान, अविनाश चौहान आदि उपस्थित थे।