चंदौली। प्रमुख सचिव, ग्राम्य विकास एवं नोडल अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बेसिक शिक्षा, स्वास्थ्य, पूर्ति विभाग, मनरेगा, पंचायती राज विभाग की ओर से संचालित विकास योजनाओं की खराब प्रगति पर नाराजगी जताई तथा सीएमओ डॉ. पीके मिश्र को कड़ी हिदायत दी। चेताया कि आकांक्षात्मक जनपद में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं को ठीक ढंग से संचालित हो अन्यथा कार्रवाई होगी। साथ ही डीएम नवनीत सिंह चहल और सीडीओ को बराबर समीक्षा बैठक करके प्रगति की जानकारी लेने का निर्देश दिया।
मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किए जाए साथ ही साफ-सफाई के लिए लोगों को प्रेरित करें। कहा कि किस विभाग द्वारा किन-किन बस्तियों में निरीक्षण किया गया रिपोर्ट से जिलाधिकारी को अवगत कराया जाय। कहा कि मुख्यमंत्री मुसहर बस्तियों में रह रहे लोगों को आगे लाने के लिए संवेदनशील हैं, किसी अधिकारी द्वारा लापरवाही मिलने पर कार्रवाई होगी। कृषि उप निदेशक विजय कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी निलम मेहता, एलडीएम जय कुमार सिंह पर गहरी नाराजगी जताते हुए कार्यों में सुधार लाने का निर्देश दिया। कृषि विभाग द्वारा किसानों को सही जानकारी न देने व केसीसी का लाभ कम मात्रा में दिए जाने पर भी नाराज हुए। वहीं जिला अग्रणी प्रबंधक को प्रधानमंत्री मुद्रा योजना का लाभ पात्रों को देने के लिए कहा। उन्होंने विद्यालयों के बच्चों का स्वेटर वितरित करने और शिक्षा के स्तर को हाईटेक बनाने के लिए दिया। उन्होंने स्वंय सहायता समूह की महिलाओं से स्वेटर बनवाने का कार्य कराने को कहा। इस दौरान पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डा. अभय कुमार श्रीवास्तव, डीएफओ मनोज खरे, कृषि उपनिदेशक विजय कुमार, सीएमओ डा. पीके मेिश्रा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी नीरज श्रीवास्तव, विनोद कुमार राय, डीएसओ सीमा सिंह, एसडीएम आनंद वर्धन मौजूद रहे।
चंदौली। समीक्षा बैठक के दौरान प्रमुख सचिव ने मृतकों के खाते पेंशन की धनराशि भेजने के लिए समाज कल्याण, जिला प्रोबेशन और जिला दिव्यांग कल्याण अधिकारी को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने बैंकों से पैसे की वापसी और लाभार्थियों को दोबारा सत्यापन कराने का निर्देश दिया।
समाज कल्याण विभाग, दिव्यांगजन, जिला प्रोबेशन द्वारा बिना सत्यापन के ही 4176 मृतक लाभार्थियों के खाते में पेंशन की धनराशि भेजा गया है। सीडीओ ने जांच के दौरान विभागों की कमियां उजागर होने पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाया था। वहीं मंगलवार को समीक्षा बैठक के दौरान प्रमुख सचिव ने भी मृतकों को पेंशन देने के संबंधित अधिकारियों के कार्यशैली पर संदेह जताया और कड़ी फटकार लगाया। वहीं बैठक के दौरान बीएसएनएल का कोई अधिकारी मौजूद नहीं होने पर नाराजगी जताई। साथ डीएम को निर्देश दिया कि गांवों में इंटरनेट की सेवा देने के लिए विभागों सामंजस्य बना कार्य योजना बनाकर शासन को भेजने के लिए कहा।
स्वास्थ्य सुविधा बढ़ाने पर दिया जोर
अमर उजाला ब्यूरो
चकिया। प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास अनुराग श्रीवास्तव ने मंगलवार को जिला संयुक्त चिकित्सालय का निरीक्षण कर मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने योगा वेलनेस सेंटर को अर्ली मार्निंग करने तथा पोषण पुनर्वास केन्द्र की सुविधाओं को पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए तथा स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ाने पर जोर दिया।
मंगलवार को दोपहर ढाई बजे चकिया जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचे प्रमुख सचिव के पहुंचने के पूर्व ही अस्पताल की ओपीडी सेवाये बंद हो चुकी थी। उन्होंने सबसे पहले इमरजेंसी का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने ओपीडी के चिकित्सक कक्षों का निरीक्षण किया और दंत चिकित्सक से पूछ-ताछ की। उन्होंने अस्पताल के पैथॉलाजी, अल्ट्रा साउंड कक्ष, एक्स-रे कक्ष का निरीक्षण कर जानकारी प्राप्त की। अस्पताल के पोषण पुनर्वास केंद्र में पहुंचे प्रमुख सचिव ने कुपोषित बच्चो तथा उनके परिजनो को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में सीएमएस डॉ. उषा यादव से पूछ-ताछ की। उन्होंने अस्पताल में सुविधा बढ़ाने और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया। इस दौरान डीएम नवनीत सिंह चहल, सीडीओ डॉ. एके.श्रीवास्तव, सीएमओ डॉ. पीके मिश्रा, एसडीएम दीप्तिदेव यादव, सीओ कुंवर प्रभात सिंह, कोतवाल अश्वनी चतुर्वेदीमौजूद रहे।