जनपद में निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया चार नवंबर से शुरू हो जाएगी। नगर पालिका मुगलसराय सहित नगर पंचायत चंदौली, सैयदराजा और चकिया का नामांकन कार्य संबंधित तहसीलों से संपन्न कराया जाएगा। जिला निर्वाचन कार्यालय का दावा है कि दस नवंबर तक चलने वाली नामांकन प्रक्रिया से जुड़ी सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गईं हैं। स्थलों पर सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध किए गए हैं।
निकाय चुनाव नामांकन के मद्देनजर शुक्रवार को तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। नामांकन स्थलों पर लेखन सामग्री के साथ ही कंप्यूटर भी स्थापित कर दिए गए। जिससे नामंकन प्रक्रिया की तत्काल आनलाइन फीडिंग की जा सके। शनिवार को सुबह ग्यारह बजे से नामांकन शुरू हो जाएगा। नगर पंचायत चंदौली और सैयदराजा के सदस्य पद के प्रत्याशी तहसील सभागार में नामांकन कर सकेंगे। प्रत्येक निकाय में सदस्यों के नामांकन हेतु एक आरओ और दो एआरओ की तैनाती कर दी गई है। वहीं नगर पंचायत सैयदराजा के अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के नामांकन की व्यवस्था नायब तहासीलदार कक्ष में गई है तो चंदौली नगर अध्यक्ष पद का नामांकन तहसीलदार न्यायिक कक्ष में कराया जाएगा। एक आरओ और दो एआरओ नामांकन का कार्य संपन्न कराएंगे। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जगरूप ने बताया कि नामांकन पूर्वाह्ल ग्यारह बजे से अपराह्न तीन बजे तक चलेगा। इसके लिए सभी आरओ और एआरओ को प्रशिक्षित कर दिया गया। सदर तहसील कार्यालय में सैयदराजा और चंदौली निकायों के नामांकन हेतु चार टेबल लगाए गए हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।