एक और राजधानी एक्सप्रेस मुगलसराय से गुजरने वाली है। लोगों को इसके परिचालन का बेसब्री से इंतजार है। इससे पूर्वांचल और बिहार के यात्री कम समय मेें दिल्ली और असोम की यात्रा कर सकेंगे। सोमवार को इसका परिचालन अगरतला से होगा तथा 40 घंटे 50 मिनट में 18 स्टेशनों पर रुकते हुए 2413 किलोमीटर की दूरी तयकर बुधवार को आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। डीआरएम किशोर कुमार ने बताया कि पूर्वोत्तर सीमांत को जोड़ने वाली यह दूसरी ट्रेन है जो मुगलसराय से होकर गुजरेगी। इसके पूर्व अगरतला और आनंद विहार टर्मिनल के बीच एक साप्ताहिक ट्रेन अगरतला सुंदरी एक्सप्रेस का परिचालन हो रहा है। कहा कि मुगलसराय होकर गुजरने वाली यह दसवीं और पटना रूट से गुजरने वाली यह चौथी राजधानी होगी।
रेलवे बोर्ड ने मुगलसराय रूट पर एक और राजधानी एक्सप्रेस चलाने का निर्णय लिया है। पीआरएस में इसके फीडिंग का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है। मंडल रेल प्रबंधक किशोर कुमार ने बताया कि सोमवार छह नवंबर को को ट्रेन संख्या 20501 अप अगरतला से शाम साढ़े छह बजे चलकर 32 घंटे बाद बुधवार आठ नवंबर की रात दो बजकर बीस मिनट पर मुगलसराय पहुंचेगी। दस मिनट ठहराव के पश्चात ढाई बजे रवाना होकर बुधवार को दिन में 11 बजकर 20 मिनट पर आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। वहीं 20502 डाउन अगरतला राजधानी एक्सप्रेस बुधवार की शाम सात बजकर 50 मिनट पर आनंद विहार टर्मिनल से चलकर शुक्रवार को दिन में डेढ़ बजे अगरतला पहुंचेगी। बताया कि मुगलसराय से गुजरने वाली यह 10वीं और पटना रूट से गुजरने वाली चौथी राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन होगी। इसका सर्वाधिक लाभ व्यापारियों और दिल के मरीजों को मिलेगा। इस ट्रेन का प्राथमिक रखरखाव पूर्वोत्तर सीमांत के अगरतला स्टेशन के जिम्मे है।