चहनिया। बलुआ पुलिस ने रविवार की रात चेकिंग के दौरान मिनी ट्रक से 1700 लीटर शराब बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया। बरामद शराब की कीमत 12 लाख रुपये बताई गई। सोमवार को सकलडीहा सीओ रघुराज ने इसका खुलासा किया। बताया कि आरोपी हरियाणा से शराब की खेप लेकर बिहार जा रहे थे।
सीओ रघुराज ने बताया कि थाना प्रभारी बलुआ डाॅ. आशीष कुमार मिश्रा द्वारा गठित टीम रविवार की रात थाना क्षेत्र के मजिहदां पुलिया पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक मिनी ट्रक गाजीपुर-सैदपुर पुल के रास्ते आ रहा है, जिसमें अवैध अंग्रेजी शराब लदी है। पुलिस ने घेराबंदी की तो एक डीसीएम सामने से आता दिखा। पुलिस ने रोकने का इशारा किया तो चालक ने वाहन की गति बढ़ा दी। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। जांच के दौरान उसमें 190 पेटी शराब बरामद हुई। वहीं, वाहन में मौजूद तस्कर राजेंद्र राय निवासी ग्राम नगवा थाना भगवानपुर द्वारा जिला सिवान (बिहार) और शैलेंद्र सिंह, निवासी ग्राम पुणरी, थाना नवाबगंज, जिला फरुर्खाबाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को आरोपियों ने बताया कि हरियाणा के सूरज कुंड से शराब की खेप लेकर बिहार जा रहे थे। सीओ ने बताया कि बरामद कीमत 12 लाख रुपये है।