फर्जी एटीएम बनवाकर कर्मचारी के खाते से 17 लाख निकाल लिए, दो गिरफ्तार
-चार माह तक वाराणसी, मुगलसराय, बलुआ, राजस्थान और पश्चिम बंगाल के एटीएम से हर दिन निकालते रहे रकम
संवाद न्यूज एजेंसी
सचित्र-15
धानापुर(चंदौली)। धानापुर पुलिस ने सेवानिवृत्त कर्मचारी के बैंक खाते से कूटरचित तरीके से 17 लाख रुपये हड़पने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य साजिशकर्ता अभी फरार है। आरोपियों ने चार महीने तक एटीएम से प्रतिदिन 10 हजार रुपये की सीमा में रकम निकालकर पीड़ित की पूरी रकम निकालने की साजिश रची थी।
ग्राम हिगुतरगढ़ निवासी इन्द्रजीत, जो सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं, उन्होंने अपनी जमा पूंजी 17 लाख रुपये एसबीआई खाते में जमा कर रखी थी। आरोपियों ने उनके नाम पर फर्जी तरीके से डेविड कार्ड बनवाया, मोबाइल नंबर बदलवाया और धीरे-धीरे खाते से रकम निकालने लगा। चार महीने में खाते से 17 लाख रुपये निकाले गए।पीड़ित ने जब खाते में गड़बड़ी देखी तो तत्काल धानापुर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चन्द्रशेखर और क्षेत्राधिकारी स्नेहा तिवारी के पर्यवेक्षण में विशेष टीम बनाई गई। प्रभारी निरीक्षक शरद गुप्ता और उपनिरीक्षक सूरज सिंह ने बैंक स्टेटमेंट, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच में दो युवकों रविकांत (29 वर्ष), निवासी ग्राम लोकुवा और नितिन कुमार दिव्यांत (28 वर्ष), निवासी ग्राम टीकापुर का नाम सामने आया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में रविकान्त ने बताया कि उसने अपना सिम कार्ड मनतेरस नामक व्यक्ति को दिया था, जिसने इसे आगे आरोपी विरेन्द्र कुमार उर्फ बुल्लू (एसबीआई धानापुर से जुड़ा) को सौंप दिया। वहीं नितिन ने कबूल किया कि विरेन्द्र ने उसे धोखाधड़ी से तैयार डेविड कार्ड सौंपा और खाते से पैसे निकालने का काम दिया। इसके एवज में उसे 40 प्रतिशत हिस्सेदारी देने का लालच दिया गया। नितिन ने वाराणसी, मुगलसराय, बलुआ, राजस्थान और पश्चिम बंगाल तक जाकर लगातार 10-10 हजार रुपये की सीमा में निकासी की। करीब चार महीने तक चली इस प्रक्रिया में पूरे 17 लाख रुपये निकाले गए।
रकम से खरीदी स्कूटी, फ्रिज और कराया पत्नी का इलाज
नितिन ने स्वीकार किया कि उसे इस काम से 3.60 लाख रुपये मिले। उसने यह रकम अपनी रोजमर्रा की खर्ची, पत्नी के इलाज, स्कूटी और फ्रिज खरीदने में लगा दी। बाकी पूरी रकम विरेन्द्र कुमार ने हड़प ली।
सेवानिवृत कर्मचारी के खाते से 17 लाख रुपये निकालने के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। जिन्होंने वाराणसी, मुगलसराय, बलुआ से लेकर राजस्थान और पश्चिम बंगाल तक के एटीएम से पैसे निकाले थे। उनपर कार्रवाई की जा रही है।-आदित्य लांग्हे, एसपी, चंदौली