कंदवा। मौसम में तेजी से हो रहे बदलाव ने लोगों की सेहत पर असर डालना शुरू कर दिया है। दिन में हल्की गर्मी और सुबह-शाम पड़ रही ठंड के कारण लोग बीमार पड़ने लगे हैं। रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 26 और रात का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री दर्ज किया गया। दिन और रात के तापमान में करीब 15 डिग्री सेल्सियस का अंतर होने से सर्दी, खांसी और बुखार के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ने लगी है।
बरहनी पीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ राजेश कुमार सिंह ने बताया कि ब्लडप्रेशर के मरीज विशेष सावधानी बरतें। इस मौसम में लोग अक्सर दिन में हल्के कपड़े पहन लेते हैं, जबकि सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ने से शरीर पर इसका सीधा असर पड़ता है। इससे सर्दी-जुकाम, बुखार और बदन दर्द जैसी शिकायतें आम है। सलाह दी कि लोग मौसम के अनुसार कपड़े पहनें और विशेष रूप से सुबह व शाम बाहर निकलते समय गर्म कपड़ों का उपयोग करें।
बताया कि ब्लडप्रेशर और दिल के मरीजों को इस समय विशेष ध्यान देने की जरूरत है। ठंड लगने या तापमान में अचानक गिरावट के कारण ब्लडप्रेशर में उतार-चढ़ाव होने से जोखिम बढ़ जाता है। उन्होंने लोगों को किसी भी तरह की परेशानी होने पर तुरंत सरकारी अस्पताल में पहुंचकर चिकित्सक की सलाह लेनी चाहिए। संतुलित भोजन, पर्याप्त नींद और हल्का व्यायाम शरीर की रोग- प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद करता है।चिकित्सकों के मुताबिक सुबह उठकर गुनगुना पानी पीना, भाप लेना और विटामिन सी से भरपूर फल खाना शरीर को संक्रमण से बचाने में सहायक है।