चंदौली। जिले में लंबे समय से चल रहे अवैध बालू खनन और हाईवे पर सक्रिय दलालों के नेटवर्क के खिलाफ प्रशासन ने शनिवार की देर रात बड़ी कार्रवाई की। यूपी–बिहार बॉर्डर स्थित नौबतपुर में पुलिस व प्रशासन की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर अवैध कारोबार में शामिल कई लोगों को चिह्नित किया और डंपरों व संदिग्ध वाहनों को कब्जे में लिया।
अधिकारियों की लोकेशन और गतिविधियों की जानकारी खनन माफिया तक पहुंचाने वाले मुख्य आरोपी की पहचान कर ली। यह आरोपी मोबाइल फोन के जरिए बॉर्डर पर तैनात पुलिस व प्रशासनिक टीम की मूवमेंट अवैध खनन कर रहे वाहनों को भेजता था। जैसे ही टीम गश्त क्षेत्र से हटती थी, हाईवे पर अवैध डंपरों का संचालन शुरू हो जाता था। जांच के बाद आरोपी ‘लोकेटर’ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट सहित कठोर धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अवैध खनन से जुड़े पूरे नेटवर्क की पहचान कर उसे ध्वस्त किया जाएगा और हाईवे पर सक्रिय दलालों पर अब सख्त नकेल कसी जाएगी।
अभियान के दौरान पुलिस ने कई अवैध वाहन पकड़े, जबकि कुछ चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले। टीम ने वाहनों की संख्या, दस्तावेजों और रूट की मौके पर ही जांच करते हुए त्वरित कार्रवाई की। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और सीमावर्ती इलाकों में खनन माफिया पर पूरी तरह नियंत्रण करने तक ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।