धानापुर। मौसम में बदलाव का असर पशुओं पर भी देखने को मिल रहा है। क्षेत्र में स्थित पशु चिकित्सालय में इस समय रोजाना 15-20 पशु डायरिया से पीड़ित होकर पहुंच रहे हैं। पशु चिकित्साधिकारी के अनुसार इस समय किसानों को अपने पशुओं की विशेष देखरेख करनी चाहिए और हमेशा सावधान रहना चाहिए। पशुओं को कोई दिक्कत हो तो समय से इलाज कराना चाहिए।
बदलते मौसम में पशुओं में विभिन्न तरह के रोग हो रहे हैं। पशु चिकित्सालय पर दवा और डाॅक्टर उपलब्ध हैं। पशु चिकित्साधिकारी डाॅ. आनंद कुमार ने बताया कि बीमार पड़ने पर पशुओं का समय से इलाज कराएं। उन्होंने बताया कि पशु चिकित्सालय में प्रतिदिन 15 से 20 पशुओं का इलाज हो रहा है। इस समय जानवरों में डायरिया का प्रकोप बढ़ा हुआ है। पशुपालकों को इसको लेकर सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन सुबह आठ से अपराह्न 2:30 बजे तक ओपीडी चल रही है। इसके बाद रोस्टर के अनुसार गांवों में जाकर पशुपालकों को जागरूक किया जा रहा है। गोवंश आश्रय स्थल में भी जानवरों के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है।