पीडीडीयू नगर। जैन धर्म के तीर्थंकर भगवान महावीर की जयंती बृहस्पतिवार को धूमधाम से मनाई गई। सुबह आठ बजे कैलाशपुरी स्थित जैन मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें शामिल महिलाएं महावीर स्वामी के जयकारे लगाते हुए चल रही थीं। शोभायात्रा के बाद मंदिर में भगवान महावीर स्वामी की विधि-विधान से पूजा की गई।
कैलाशपुरी में वर्ष 1995 में भगवान महावीर के मंदिर की स्थापना की गई थी। इसके बाद से हर साल जैन मंदिर से भगवान महावीर की जयंती पर शोभायात्रा निकाली जाती है। इस मौके पर मंदिर में सफाई कर भव्य तरीके से सजाया गया। सुबह रथ पर भगवान महावीर की तस्वीर सजाई गई और इसके बाद मंदिर से गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा कैलाशपुरी शिव मंदिर, जीटी रोड, आर्य समाज मंदिर, पटेनगर, रविनगर, कैलाशपुरी होते हुए मंदिर पर लौटकर समाप्त हुई। इसके बाद विधि-विधान से पूजा और आरती की गई। शाम को मंदिर में भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। शोभायात्रा में प्रवीण जैन, अविनाश जैन, नरेश जैन, बंटी जैन, राजेंद्र जैन, आरके जैन, राजेंद्र जैन आदि शामिल रहे।