धीना। अपने आटो से शुक्रवार की शाम बहन के घर जा रहा युवक रास्ते से गायब हो गया। जबकि शनिवार को नूरी गांव के समीप लावारिस आटो और उसमें रक्त रंजित शर्ट व चप्पल देखकर किसी अनहोनी की आशंका पर ग्रामीणों में सनसनी फैल गयी। सूचना पर पहुंची धीना पुलिस आटो को कब्जे में लेकर युवक की तलाश में जुट गई।
गाजीपुर जिले के जमानियां कस्बा कोतवाली अंतर्गत ताजपुर गांव निवासी राकेश राम (30) आटो रिक्शा चलाकर परिवार का जीविकोपार्जन करता है। राकेश शुक्रवार की शाम घर से कंदवा थाना के कम्हरिया गांव अपने बहन के यहां जाने के लिए अपने आटो रिक्शा से निकला था। शनिवार की सुबह धीना थाना के नूरी गांव के समीप लावारिस एक आटो में खून से सना शर्ट व चप्पल मिलने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। अनहोनी की आशंका ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची धीना थाने की पुलिस आटो को थाने लाकर अगली कार्यवाही में जुट गई। सूचना पाकर शनिवार की शाम धीना थाने पहुंचे राकेश के पिता रामजी राम ने शर्ट व टेंपो देखकर बेटे के खोजबीन की पुलिस से गुहार लगाई। बताया कि राकेश शुक्रवार को अपनी बहन के घर कम्हरिया जाने के लिए अपने आटो रिक्शा से घर से निकला था। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि पीड़ित परिवार की तरफ अभी तक कोई तहरीर नही मिली है। जबकि पुलिस युवक की खोजबीन में लगी है।