पीडीडीयू नगर। पं.दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल की ओर से मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशन पर विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। शुक्रवार को सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक चले अभियान में 1223 बेटिकट यात्री पकड़े गए। इनसे जुुर्माना के रूप में 6.66 लाख रुपये वसूल किए गए।
ट्रेनों से बिना टिकट चलने और जनरल टिकट लेकर स्लीपर और एसी क्लास में यात्रा करना आम बात हो गई है। इस पर रोक लगाने के उद्देश्य से रेलवे की ओर से समय-समय पर जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को भी पूरे मंडल में किलाबंदी जांच अभियान चलाया गया। इसके तहत पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के अलावा गया, सासाराम, डेहरी ऑनसोन, अनुग्रह नारायण रोड, भभुआ एवं जपला आदि स्टेशन पर बिना टिकट यात्रियों की जांच की गई। जांच अभियान में मंडल के सभी स्क्वाॅड, स्लीपर के टिकट जांच कर्मी, वाणिज्य निरीक्षक और पर्यवेक्षक लगे रहे। रेलवे स्टेशन के साथ ही बक्सर पीडीडीयू, पीडीडीयू वाराणसी, आरा सासाराम रेल खंड पर आने वाली ट्रेनों में भी विशेष जांच की गई। दिन भर चले अभियान में 1223 बेटिकट यात्री पकड़े गए। इनसे जुर्माना के रूप में 6.66 लाख रुपये वसूल किए गए।