इलिया। थाना क्षेत्र के कुशहां गांव में रविवार को गोबर का छींटा पड़ने पर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें एक पक्ष से सोनू श्रीवास्तव 30 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शहाबगंज में कराया गया। घायल की तहरीर पर पुलिस ने एक के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
गांव के सोनू श्रीवास्तव एवं प्रिंस तिवारी का मकान आस पास है। बगल में एक विवादित परती भूमि है, जिस पर आसपास के लोग कूड़ा फेंकते हैं। सोनू भी रविवार को उसी जमीन में गोबर फेंक रहे थे कि उस दौरान बगल में खड़े प्रिंस तिवारी के ऊपर गोबर का छींटा पड़ गया। इसके बाद वह सोनू से गाली गलौज करने लगा। इसी बीच दोनों के बीच हो रही नोंक झोंक मारपीट में बदल गई। दोनों पक्ष से लाठी-डंडे चलने लगे। जिसमें सोनू श्रीवास्तव घायल हो गया। थाना प्रभारी नागेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मारपीट के मामले में मुकदमा पंजीकृत कर मामले की छानबीन की जा रही है। ब्यूरो