इलिया। चकिया कोतवाली क्षेत्र के बरहुआं ग्राम सभा के भटपुरवा गांव में रविवार को सुबह 11 हजार वोल्ट का तार टूट कर एक मकान के टिनशेड पर गिर गया। टिनशेड में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से किशोरी गंभीर रूप से झुलस गई। परिजनों ने तत्काल उसे चकिया स्थित जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली निगम के प्रति आक्रोश है।
भटपुरवा निवासी नरसिंह मौर्य की बेटी सौम्या मौर्य (14) सुबह करीब आठ बजे आंगन में घरेलू काम कर रही थी। इसी दौरान ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन का जर्जर तार टूटकर टिनशेड पर गिर गया। टिनशेड में करंट फैलने से सौम्या उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों का कहना था कि चकिया फीडर से सैदूपुर बाजार और आसपास के गांवों को जाने वाली हाईटेंशन लाइन के तार जर्जर हैं।
खंभों के बीच दूरी ज्यादा होने के कारण तार अक्सर टूटकर गिर जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत की गई लेकिन बिजली निगम ने जर्जर तारों को नहीं बदला। वहीं, चकिया उपकेंद्र के एसडीओ संतोष कुमार ने बताया कि हाईटेंशन तार के नीचे घर होने के कारण दुर्घटना हुई है। कर्मचारियों को भेजकर तार की मरम्मत करा दी गई है।