चंदौली। उत्तराखंड, हिमांचल और जम्मू में भारी बर्फबारी के चलते मौसम बदल गया। ठंड से गरीब और असहाय ठिठुर रहे हैं मगर इससे निबटने के लिए प्रशासन की तैयारी अधूरी है। कंबल वितरण और अलाव के लिए 25 लाख रुपये धन जारी होने के साथ ही टेंडर प्रक्रिया हो गई लेकिन अभी कंबल खरीद के लिए क्रय एजेंसी ही तय नहीं हो सकी है। ऐसे में इस ठंड में समय से गरीबों को कंबल वितरण नहीं हो पाएगा।
इस बार जिला प्रशासन की ओर से पांचों तहसीलों में कंबल वितरण एवं अलाव के लिए अलग-अलग धन जारी किए गए हैं। पांच-पांच लाख रुपये से प्रत्येक पांचों तहसीलों में कंबल वितरण किया जाना है। वहीं-50-50 हजार रुपये अलाव के लिए जारी किए गए हैं। कंबल वितरण के लिए जिला प्रशासन की ओर से टेंडर की प्रक्रिया पूरा करा ली गई है मगर अब तक किस एजेंसी से कंबल खरीद कराया जाएगा यह तय नहीं हो सका है। इस बार जिले में सात से 10 हजार कंबल वितरण कराया जाना है। एडीएम बच्चालाल का कहना है कि टेंडर की प्रक्रिया पूूरी कर ली गई है। जल्द ही एजेंसी तय कर कंबल खरीदा जाएगा और इसका वितरण कराया जाएगा।