उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ के पूर्व विधायक सर्वेश उर्फ सीपू सिंह हत्याकांड की सीबीआई जांच होगी। राज्य सरकार ने पूर्व विधायक के परिवार वालों की ओर से दी गई तहरीर पर सहमति जता दी है।
सरकार ने कहा है कि उसे इस मामले की सीबीआई जांच कराने में कोई आपत्ति नहीं है और जल्दी ही आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
प्रमुख सचिव गृह आरएम श्रीवास्तव ने कहा कि जांच के लिए सिफारिश कर औपचारिक पत्र भेजने की कवायद में कुछ समय लगेगा। औपचारिकता शुरू हो चुकी है। जल्दी ही सरकार केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र भेज देगी।
प्रमुख सचिव गृह ने कहा कि राज्य सरकार ने पहले ही यह कहा था कि अगर पूर्व विधायक के परिवार के लोग सीबीआई जांच की इच्छा करेंगे तो इसकी सिफारिश की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस मामले का खुलासा करने के लिए और दोषियों को सजा दिलाने के लिए सरकार ने पहले ही एसटीएफ जैसी जांच एजेंसी को लगा दिया है। पुलिस भी अपनी तरफ से अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश में है।
जब तक सीबीआई जांच टेकओवर नहीं करती तब तक पूर्व विधायक के हत्यारों को तलाशने की कोशिश जारी रहेगी।
गौरतलब है कि आजमगढ़ में पूर्व विधायक सीपू सिंह समेत दो लोगों की सरेआम हत्या होने के बाद वहां हिंसा भड़क गई थी। पूर्व विधायक के समर्थकों ने थाने का घेराव कर तोड़-फोड़ व आगजनी की थी।
पुलिस ने जवाब में हवाई फायरिंग की थी, जिससे दो व्यक्ति की मौत हो गई थी। पुलिस फायरिंग से हुई मौत के मामले की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए गए थे।