बलीपुर तिहरे हत्याकांड में मारे गए सीओ जियाउल हक की पिस्टल, कारतूस और मैगजीन मिलने के बाद सीबीआई अब मामला सुलझाने के करीब पहुंच गई है।
इसी सिलसिले में सीबीआई ने राजा भैया के करीबी सपा नेता से रविवार को घंटों पूछताछ की।
टीम ने घटनास्थल पर नक्शा बनाने के साथ ही मृत प्रधान नन्हें यादव के मकान की भी पड़ताल की।
सीबीआई सूत्रों के अनुसार पिस्टल मिलने के बाद ही जांच टीम को अहम क्लू मिले हैं। इससे सीबीआई को डीएसपी के कातिलों को चिह्नित करने में मदद मिली है।
रविवार सुबह सीबीआई टीम के कई सदस्यों ने बलीपुर जाकर प्रधान नन्हे यादव, उसके भाई सुरेश और डिप्टी एसपी जियाउल हक की हत्या के स्थानों पर जाकर नक्शा तैयार किया।
वहां से लौटकर सीबीआई ने राजा भैया के करीबी सपा जिला उपाध्यक्ष छविनाथ यादव को कैंप कार्यालय बुलाकर पूछताछ शुरू की जो देर शाम छह बजे तक चला।
कुंडा कोतवाली के सिपाही हबीब समेत कई दूसरे लोगों से भी पूछताछ की गई। प्रधान के भाई और बेटे समेत परिवार के कई लोगों से मकान में लगभग डेढ़ घंटे टीम ने बात की। घर के अंदर की तलाशी भी ली।
राजा भैया के प्रतिनिधि भी हो सकते हैं तलब
हत्याकांड में सीबीआई की जांच की दिशा रविवार को कुछ बदली नजर आई।
राजा भैया के करीबी सपा नेता छविनाथ यादव से कई घंटे तक पूछताछ में ऐसे संकेत मिले हैं।
सीबीआई टीम निलंबित कोतवाल सर्वेश मिश्रा द्वारा जीडी में डाले गए तस्करा पर खासा गौर कर रही है।
तस्करा में राजा भैया के प्रतिनिधि हरिओम शंकर श्रीवास्तव और नगर पंचायत अध्यक्ष गुलशन यादव के भी नाम हैं। इन्हें भी तलब किया जा सकता है।