गंगनहर में नहाते समय युवक की डूबने से मौत
- फोटो : अमर उजाला
मुरादनगर में गंगनहर के छोटा हरिद्वार घाट पर शनिवार शाम नहाते समय गहरे पानी में जाने से एक युवक की डूबकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस, एसडीआरएफ और निजी गोताखोरों की मदद से युवक को बाहर निकालकर सीएचसी मुरादनगर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार भारत भूषण अपने दो दोस्तों साहिल पुत्र चमन और संदीप पुत्र राजेंद्र निवासी गांव गढ़ी भट्टा नंबर-5, थाना नंदग्राम के साथ गंगनहर घाट छोटा हरिद्वार पर नहाने आया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद एसडीआरएफ टीम और निजी गोताखोरों की मदद से युवक को गंगनहर से बाहर निकाला गया।
युवक को संदीप द्वारा तत्काल सीएचसी मुरादनगर पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों को दूरभाष के माध्यम से सूचना दे दी गई है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।