संवाद न्यूज एजेंसी
अनूपशहर। साइबर ठगों का आतंक क्षेत्र में कम नहीं हो रहा है। आए दिन शातिर ठग लोगों से ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। वहीं, अब एक महिला को फोन कर शातिर ठगों ने अपने झांसे में ले लिया और गिफ्ट देने के नाम पर पीड़िता से 3 लाख 75 हजार की ठगी कर ली। पीड़ित पक्ष ने मामले में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दी तहरीर में अनूपशहर निवासी सुदेश कुमार ने बताया कि अज्ञात नंबर से उनकी पत्नी के पास बीते दिनों फोन आया था। आरोपी फोन कर्ता ने उनकी पत्नी से कहा कि उनका एक गिफ्ट पैकेज आया है। इसके एवज में आरोपी ने रकम की मांग की। जिस पर उनकी पत्नी ने आरोपी के बताए नंबर पर अलग-अलग समय में 3 लाख 75 हजार रुपए अपने खाते में ट्रांसफर कर दिए। जिसके बाद आरोपी ने अपना फोन बंद कर दिया।
पीड़िता को बाद में अपने ठगे जाने का शक हुआ और अपने पति को पूरे मामले की जानकारी दी। जिसके बाद पीड़ित पति ने अब अनूपशहर कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। सीओ अनूपशहर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। जल्द ही आरोपियों की शिनाख्त कर गिरफ्तारी कर ली जाएगी।