बुलंदशहर। प्राधिकरण के सचल प्रवर्तन दल ने बृहस्पतिवार को अभियान चलाकर अवैध कॉलोनी ध्वस्त की। सचल प्रवर्तन दल ने जोन सिकंदराबाद में चंदेरु जिला कारागार के पास करीब 20 बीघे से अधिक भूमि पर बनीं अनाधिकृत कॉलोनी पर बुल्डोजर चला ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।
प्राधिकरण के मुख्य लेखाधिकारी एवं सक्षम अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि प्राधिकरण उपाध्यक्ष के निर्देश पर लगातार अनाधिकृत कॉलोनियों पर ध्वस्तीकरण अभियान चलाया जा रहा है। बृहस्पतिवार को सचल प्रवर्तन दल ने सिकंदराबाद में जिला कारागार से करीब 100 मीटर आगे 20 बीघा से अधिक भूमि पर अवैध कॉलोनी का ध्वस्तीकरण कराया है। इस दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता, डेडीकेटिड फोर्स आदि मौजूद रहे। बताया कि बिना मानचित्र स्वीकृत के कोई निर्माण न करें और न ही वहां प्लॉट लें। अनाधिकृत कॉलोनी व बिना मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माण पर प्राधिकरण की यह कार्रवाई अब निरंतर जारी रहेगी।