बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के इंजीनियर के बैंक खाते से साइबर ठगों ने 69 हजार रुपये निकाल लिए। आरोपी ठग ने इंजीनियर को बैंक खाते में रुपये जमा होने का लिंक भेजा था, जिस पर क्लिक करने के बाद ही इंजीनियर का मोबाइल हैंग हो गया और उसके खाते से रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला साठा निवासी विवेक वर्मा ने एसएसपी को तहरीर दी। बताया कि वह नोएडा की एक कंपनी में इंजीनियर हैं। दो दिन पहले उनके मोबाइल पर एक मेसेज आया, जिसमें उसके बैंक खाते में 47 हजार रुपये जमा होने की जानकारी दी गई थी। इसी मेसेज में एक लिंक भी था। उन्होंने बैंक खाते में रुपये जमा होने के बारे में जानकारी लेने के लिए लिंक पर क्लिक कर दिया, जिसके बाद उसका मोबाइल हैंग हो गया। उन्होंने मोबाइल हैंग होने के बाद उसे स्विच ऑफ कर ऑन किया गया। इसके बाद मोबाइल पर तीन मेसेज आए, जिससे पता चला कि उनके बैंक एकाउंट से तीन बार में 69 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। पीड़ित विवेक ने एसएसपी से मामले में जांच कराकर रुपये वापस दिलाए जाने की मांग की है। एसएसपी के निर्देश पर साइबर टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है।