गर्मी से क्लास में चक्कर खाकर गिरी छात्रा, हाथ टूटा
डिबाई। गांव दानपुर स्थित जनता इंटर कॉलेज में कक्षा सात की एक छात्रा बृहस्पतिवार को कक्षा में चक्कर आने के कारण कुर्सी से गिर गई। इससे उसका हाथ टूट गया। स्कूल में पहुंचे परिजनों उसे लेकर डिबाई सीएचसी पहुंचे, लेकिन चिकित्सक न मिलने पर छात्रा को परिजन अलीगढ़ ले गए। छात्रा को चक्कर आने का कारण गर्मी बताया जा रहा है।
गांव दानपुर निवासी चंद्रशेखर मजदूरी करते हैं। उन्होंने बताया कि 13 वर्षीय पुत्री लक्ष्मी जनता इंटर कॉलेज में कक्षा सात की छात्रा है। स्कूल में चौथे घंटे में गणित की क्लास शुरू होनी थी। सभी छात्र अध्यापक के आने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान लक्ष्मी को चक्कर आ गया और वह कुर्सी से गिर गई। इससे उसका हाथ टूट गया। चंद्रशेखर का आरोप है कि जिस समय लक्ष्मी चक्कर खाकर गिरी तो शिक्षकों ने अनदेखा कर दिया। किसी ने भी लक्ष्मी को अस्पताल ले जाने या उसे प्राथमिक उपचार दिलवाने का काम नहीं किया। वहीं, दूसरी ओर स्कूल के कार्यवाहक प्रधानाचार्य बाबू राम का कहना है कि जिस समय छात्रा को चक्कर आए थे, उस समय बिजली नहीं आ रही थी। गर्मी के चलते ही छात्रा को चक्कर आया और वह गिर गई। पिता द्वारा लगाया जा रहा आरोप गलत है। इसकी सूचना तुरंत परिजनों को दी थी और छात्रा के साथ किसी शिक्षक को भी ले जाने की बात कही गई थी। जिस समय यह घटना हुई, उस समय गर्मी बहुत अधिक थी।